PATNA: कंकड़बाग थाना क्षेत्र की एमआइजी कॉलोनी में शनिवार की दोपहर बाइक सवार दो अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। युवक के सड़क पर गिरते ही दोनों अपराधी फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के थोड़ी ही देर बाद पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंच गया।घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है।
घायल युवक का नाम बट्टू है। 11वीं का छात्र है। वह मूल रूप से गोपालगंज का निवासी है। वह अपनी बाइक लेकर कंकड़बाग में कोचिंग करने आया था। कोचिंग से घर लौटने के दौरान कंकड़बाग ऑटो स्टैंड के पास किसी काम के लिए रुका था। इसी बीच दो बदमाश पहुंचे दोनों बदमाश छात्र की बाइक लूट का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर एक बदमाशो ने उसे गोली मार दी। गोली उसके कंधे के नीचे लगी है। उसे पारस में भर्ती कराया गया है। पुलिस अभी तक उसका बयान लेने अस्पताल नहीं पहुंची।
स्थानीय लोगों की मानें तो दो राउंड गोली की आवाज सुनी गई है। कितनी गोली लगी, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। जब तक वहां भीड़ जुटती, बाइक सवार दोनों अपराधी तेजी से निकल गए। कंकड़बाग थानेदार ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिली है। गश्ती टीम मौके पर भेजी गई है। घायल युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जाएगा।